आरा: नगर निगम आरा के रेलवे स्टेशन को नीलाम कर सकता है। रेलवे ने 32 लाख रुपए से ज्यादा का सर्विस टैक्स नहीं चुकाया है। इसमें कहा गया कि अगर बकाया राशि को 15 दिन में नहीं चुकाया गया तो संपत्ति को नीलाम कर दिया जाएगा।
नगर निगम की मानें तो, आरा जंक्शन पर 32 लाख 35 हजार 173 रुपए बकाया है। निगम कई बार इसके भुगतान के लिए नोटिस भेज चुका है। रेलवे ने 1996 से ही यहां का सर्विस टैक्स नहीं चुकाया है। तब 53 हजार 193 रुपए का सर्विस टैक्स देना था। रेलवे का कहना है कि नगर निगम अब तक 8 रिमाइंडर भेज चुका है।
रेलवे ने कहा- जब सुविधाएं हमारी तो टैक्स कैसा?
दानापुर रेल मंडल के पीआरओ संजय कुमार प्रसाद ने कहा कि पानी,जमीन, सड़क, बाथरूम तक रेलवे की है। ऐसे में नगर निगम किस बात का टैक्स ले रहा है? इस बारे में हमें अभी तक नोटिस नहीं मिला है। नगर निगम ने मार्च 1978 में रेलवे पर सालाना 53193 रुपए का सर्विस टैक्स तय किया था। तब से रेलवे यही सर्विस चार्ज चुकाता रहा है। बीच-बीच में नगर निगम ने रेलवे का सर्विस चार्ज बढ़ाने की कवायद की, लेकिन रेलवे के विरोध के कारण सफल नहीं हो पाया।
रिपोर्ट- माधुरी शुक्ला