Ara: भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की देर रात पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली, जिससे मौके पर उसकी भी मौत हो गई।
पति-पत्नी के सिर में गोली लगने के बाद आर पार हो गई थी। घटना को लेकर गांव और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चा भी हो रही है। सूचना के बाद पहुंचे बड़हरा थाना प्रभारी मनीष कुमार ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या क्यों की गई है इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। पति का उम्र 30 वर्ष और पत्नी की उम्र 27 वर्ष के आसपास बताई गई है। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि उनके छोटे भाई को अपनी पत्नी पर किसी और से संबंध होने का शक था। इसको लेकर दोनों के बीच करीब डेढ़ महीने से विवाद चला रहा था।
इसी विवाद के कारण उसके छोटे भाई ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर उसने खुद को गोली मार ली। शुक्रवार की सुबह जब दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले तो दरवाजा काफी खटखटाया और उन्हें आवाज भी दी गई, लेकिन दोनों में से किसी ने अंदर से आवाज नहीं दी।
2013 में हुई थी दोनों की शादी
इसके बाद परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो देखा कि दोनों खून से लथपथ पलंग पर मृत अवस्था में पड़े हैं। इसके बाद थाने को सूचना दी गई। महिला के भाई ने बताया कि पारिवारिक विवाद को लेकर 20 दिन पूर्व भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था।
फिलहाल वजह जो भी हो पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है. बताया जाता है कि दोनों की शादी 2013 में हुई थी और पांच साल की एक बेटी है. घटना के बाद में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।