पटना: लोकसभा चुनाव में फिल्मी सितारों का राजनीति के मैदान में उतरने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार दिनेशलाल यादव उर्फ निरहुआ भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने उत्तरप्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दरअसल पिछले कई दिनों से उनके भाजपा में शामिल होना की चर्चा थी, जिसपर आज उन्होंने विराम लगाते हुए विधिवत रूप से भाजपा का दामन थाम लिया है।
आजमगढ़ से मिल सकता है टिकट
जानकारी के मुताबिक भाजपा निरहुआ को आजमगढ़ से टिकट दे सकती है, जहां उनके खिलाफ समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव मैदान में होंगे। पिता की सीटिंग सीट पर अखिलेश यादव इस बार चुनाव लड़ेंगे तो वहीं भाजपा अब भोजपुरी स्टार दिनेशलाल यादव को यहां उन्हें टक्कर देने के लिए उतार सकती है। लेकिन, निरहुआ के लिए आजमगढ़ सीट पर जीत दर्ज करना आसान नहीं होगा।
निरहुआ भोजपुरी के हैं सुपरस्टार
निरहुआ का जन्म उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के टंडवा गांव में हुआ था। वे पहले गाने गाते थे। साल 2001 में जब उनके 2 एल्बम ‘मलाई खाए बुढ़वा’ और ‘बुढ़वा में दम बा’ आए तो ये दोनों ही हिट साबित हुए। जिसके बाद लोगों ने उनके गानों को खूब पसंद किया और भोजपुरी में उनकी एक अलग पहचान बन गई।
रिपोर्ट- माधुरी शुक्ला