पटना
मनोज तिवारी के बाद रवि किशन और अब पवन सिंह, एक के बाद एक भोजपुरी फिल्मों के गायक और कलाकार भाजपा का रुख कर रहे हैं। बता दें कि पवन सिंह का पहले से ही भाजपा में काफी दिलचस्पी रही है। तभी तो बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आरा में पीएम मोदी की रैली के लिए भी पवन सिंह मंच पर मौजूद थे। गौरतलब हो कि उस रैली में पीएम मोदी ने अपना संबोधन भोजपुरी में किया था।
तू लगावेलु जब लिपिस्टिक… हिले ला आरा डिस्ट्रिक्ट…लॉलीपॉप लागेलु लू गाने से देश सहित पूरी दुनिया में मशहूर पवन सिंह बिहार के आरा जिले से हैं। भोजपुरी के मशहूर गायक और अभिनेता पवन सिंह का सबसे पहला एलबम 1997 में ओढ़निया वाली के नाम से आया। इसके बाद 2005 में म्यूजिक एलबम ‘कांच कसैली’ ने उन्हें सफलता की शिखर पर पहुंचा दिया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिर 2007 में रंगीली ‘चुनरिया तोहरे नाम..’ से उन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत थी। 2016 में उन्हें इंटरनेशनल भोजपुरी फिल्म अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया।
विवादों से रहा पुराना नाता
पवन सिंह के एक गाने ‘सानिया मिर्जा के नथुनिया जान मारे ला…’ को लेकर काफी विवाद हुआ था। इसके बाद 8 मार्च 2015 को पवन सिंह की पत्नी नीलम सिंह के अचानक आत्महत्या करने के बाद भी पवन सिंह पर काफी आरोप लगे। साथ ही वाराणसी की ज्यूडिशियल कोर्ट ने पुलिस को 2 म्यूजिक कंपनियों और 3 भोजपुरी गायकों के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए थे। हालांकि, पवन सिंह पर भोजपुरी गानों और फिल्मों के जरिए अश्लीलता फैलाने का आरोप लगता रहा है।
10 सितंबर 2009 को प्रबोधिनी फाउंडेशन की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने एफआईआर के आदेश दिए थे। इस याचिका में पवन सिंह सहित तीन गायकों पर समाज में अश्लीलता फैलाने और टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा की छवि को खराब करने का आरोप लगाया गया था।
रविकिशन भाजपा में तो सपा के साथ निरहुआ
पिछले साल हो रहे दिल्ली में एमसीडी चुनाव के दौरान भोजपुरी फिल्मों के अमिताभ बच्चन कहे जाने वाले सुपरस्टार रविकिशन ने भी भाजपा का दामन थाम लिया था। इससे पहले रविकिशन कांग्रेस में थे और पार्टी के टिकट पर जौनपुर से चुनाव भी लड़ चुके हैं।
वहीं, भोजपुरी के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ यूपी विधानसभा चुनाव के दौरन यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के साथ चुनावी प्रचार में अहम योगदान दिया था। उन्होंने अखिलेश के लिए कई रैलियों और सभाओं में प्रचार किया। उनका पूरा परिवार मुलायम सिंह के करीबियों में से है।
हमारा बिहार टीम