पटना
पूरे देश को अपने गानों से दिवाना बनाने वाली हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी जल्द ही भोजपुरी में तहलका मचाने वाली हैं। जी हां, अब सपना जल्द ही भोजपुरी फिल्मों में नजर आने वाली हैं। इसके लिए उन्होंने हामी भी भर दी हैं। खबरों की मानें तो सपना भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन के साथ फिल्म करती दिखेंगी।
बताया जा रहा है कि रवि किशन और सपना फिल्म ‘बैरी कंगना-2’ में एकसाथ नजर आएंगे। इस फिल्म में इन दोनों के अलावा कुणाल सिंह, शुभी शर्मा, काजल राघवानी, अशेष सिंह, अवधेश मिश्रा, तृषा खान, उमेश सिंह, मनोज दिवेदी, संतोष श्रीवास्तव भी दिखेंगे। लेकिन फिल्म की मुख्य आकर्षण सपना चौधरी ही होंगी।
गौरतलब हो कि सपना का विवादों का काफी गहरा नाता रहा है। आए दिन वे अपने विवादों और गानों से सुर्खियों में छाईं रहती हैं। यूट्यूब पर उनके गाने को सुनने और देखने वालों की लंबी लिस्ट हैं। सपना चौधरी को फिल्म ‘बैरी कंगना -2’ में साइन करने के बाद फिल्म के प्रोड्यूसर अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि उनका इस फिल्म के साथ जुड़ना बेहद खास है। सपना को फॉलो करने वालों की संख्या काफी है, जिसका इस फिल्म को फायदा मिलेगा। साथ ही उन्हें भी भोजपुरिया समाज में अपनी कला को प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
कौन है सपना चौधरी?
2016 में सपना पहली बार सुर्खियों में आईं थीं। उस वक्त उनकी सुसाइड की खबरों ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। बता दें 9 साल की उम्र से ही सपना ने डांस और गाने को अपना करियर बना लिया था। वो मूल रूप से रोहतक की रहने वाली हैं। सबसे ज्यादा मशहूर वो गाना ‘सॉलीड बॉडी’ की वजह से हुई जो लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है।
कहां होगी फिल्म की शूटिंग?
खबरों की मानें तो इस फिल्म की शूटिंग 23 सिंतबर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मिर्जापुर और भदोही में होगी। फिल्म ‘बैरी कंगना’ का पहला पार्ट 1992 में आया था, तब फिल्म की मुख्य भूमिका में कुणाल सिंह थे। मगर ‘बैरी कंगना -2’ रवि किशन को कास्ट किया गया है। हालांकि इस फिल्म में भी कुणाल सिंह दिखेंगे। फिल्म के राइटर-डायरेक्टर अशोक त्रिपाठी अत्री हैं। फिल्म के गाने प्यारे लाल यादव, श्याम देहाती और आजाद सिंह ने लिखा है जिसे कंपोज करेंगे मधुकर आनंद।
हमारा बिहार टीम