खगड़िया: जिले में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों का उपद्रव देखने को मिला। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में भोजपुरी की कई एक्ट्रेसेस आने वाली थी लेकिन जब वे यहां नहीं पहुंची तो लोग आक्रोशित हो गए और फिर जम कर उपद्रव मचाया।
भोजपुरी एक्ट्रेसेस के नहीं आने पर लोगों ने जमकर काटा बवाल
मामला नगर थाना स्थित जेएनकेटी मैदान की है, जहां एक शाम शहीद किशोर कुमार मुन्ना के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान कार्यक्रम में भोजपुरी की प्रसिद्ध गायिका अक्षरा सिंह सहित कई और भी भोजपुरी सिंगर व अभिनेत्रियां आने वाली थीं।
इस कार्यक्रम को लेकर काफी संख्या में भीड़ एकत्रित हुई थी और आयोजकों ने टिकट की बिक्री भी की थी। कार्यक्रम शुरू होने का समय शाम के 6 बजे था। लेकिन, रात के 11 बजे तक कार्यक्रम शुरू नहीं हुआ। जिसके बाद लोगों ने अपना आपा खो दिया। आक्रोशित लोगों ने स्टेडियम में लगे कुर्सियों को तोड़ दिया। उसके बाद पंडाल और जेनरेटर को भी आग के हवाले कर दिया। यहां तक कि भीड़ अपने साथ कई सामान भी लेकर चली गयी।
पुलिस ने पाया स्थिति पर काबू
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू किया। लोगों का आरोप है कि आयोजकों ने धोखाधड़ी किया है। वहीं, पुलिस आयोजकों से पूरे मामले की जानकारी ले रही है। आयोजकों का कहना है सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुरूप ही हो रहा था। किसी कारण से भोजपुरी कलाकारों के आने में देर हो गयी। जिससे, नाराज लोग उग्र हो गये और उसके बाद तोड़फोड़ और आगजनी की।
हमारा बिहार टीम